
बागनाथ न्यूज़ एक्सप्रेस रुद्रप्रयाग। भगवान केदारनाथ की चलविग्रह उत्सव डोली शुक्रवार को विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के बीच उनके शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान हो गई। डोली के मंदिर पहुंचने और विराजमान होने के साथ ही बाबा केदारनाथ की शीतकालीन पूजा-अर्चना का विधिवत शुभारंभ हो गया है। अब आगामी छह माह तक ओंकारेश्वर मंदिर में ही भगवान केदारनाथ की नियमित पूजा-अर्चना संपन्न होगी और श्रद्धालु यहां पहुंचकर बाबा के दर्शन कर सकेंगे।
इस धार्मिक अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ओंकारेश्वर मंदिर उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का प्रमुख केंद्र है। शीतकाल में भगवान केदारनाथ की पूजा इसी पावन धाम में संपन्न होना सदियों पुरानी परंपरा और आस्था का प्रतीक है।
विधायक ने कहा कि बाबा केदारनाथ के प्रति देश-विदेश के श्रद्धालुओं की अटूट आस्था है। शीतकाल में भी ओंकारेश्वर मंदिर में बाबा की पूजा-अर्चना और दर्शन की परंपरा भक्तों को आध्यात्मिक रूप से जोड़ती है। उन्होंने भगवान केदारनाथ से प्रदेश एवं देशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की कामना की।
बाबा केदारनाथ की डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचने के साथ ही केदारघाटी में शीतकालीन धार्मिक गतिविधियों का सिलसिला भी शुरू हो गया है।





