
सरकारी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने और आपदा प्रभावितों तक समय पर राहत पहुंचाने के दिए निर्देश
बागनाथ न्यूज़ एक्सप्रेस/ बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पांडे ने शुक्रवार को दुगनाकुरी तहसील एवं उपकोषागार का स्थलीय निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं, सरकारी अभिलेखों के रखरखाव और आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालयी व्यवस्थाएं व्यवस्थित रखने तथा जनहित से जुड़े कार्यों में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील में रखे विभिन्न सरकारी अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुव्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखा जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर अभिलेख आसानी से उपलब्ध हो सकें। उन्होंने तहसील में उपलब्ध आपदा राहत सामग्री एवं खाद्यान्न के भंडारण की स्थिति की भी जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा की स्थिति में प्रभावित परिवारों और जरूरतमंद लोगों को राहत सामग्री एवं खाद्यान्न समय पर उपलब्ध कराया जाए। राहत सामग्री के भंडारण और वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत देते हुए उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावितों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने तहसील परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, कार्यालयी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा आम जनता से जुड़े कार्यों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने उपकोषागार का निरीक्षण कर वहां संचालित कार्यों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार भूपाल गिरी गोस्वामी, राजस्व निरीक्षक विजय पाल महेता, उपनिरीक्षक पंकज सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक गुड्डू उपाध्याय, उपकोषाधिकारी ईश्वर पुरी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





