
प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन-2026 में देश-विदेश से जुटे प्रवासियों ने साझा किए विचार और सुझाव, प्रदेश की संस्कृति, लोक विरासत और ग्रामीण विकास को लेकर हुआ संवाद
बागनाथ न्यूज़ एक्सप्रेस/ देहरादून। राजधानी देहरादून में आयोजित प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन-2026 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश-विदेश में रह रहे उत्तराखंड के प्रवासी भाई-बहनों के साथ संवाद किया। सम्मेलन में उन्होंने प्रवासियों के विचारों, अनुभवों और सुझावों को सुना तथा प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, नीतियों और विकास कार्यों की जानकारी साझा की। इस दौरान उत्तराखंड के विकास में प्रवासियों की भागीदारी, पलायन की चुनौती, गांवों के पुनर्जीवन और लोक संस्कृति के संरक्षण जैसे विषय प्रमुखता से सामने आए।

मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखंडियों को देवभूमि का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए कहा कि वे अपनी संस्कृति, सभ्यता, परंपराओं और समृद्ध लोक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने प्रवासियों से अपील की कि जब भी वे उत्तराखंड आएं, अपने पैतृक गांवों में जरूर जाएं और वहां कुछ समय बिताएं। अपनी जड़ों से जुड़े रहना ही हमारी पहचान और वास्तविक ताकत है।
सीएम धामी ने कहा कि यह सुखद है कि अनेक प्रवासी उत्तराखंडी अपने गांवों को गोद लेकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। सरकार का संकल्प प्रदेश के प्रत्येक गांव तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना है। इसी दिशा में ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास में प्रवासियों का अनुभव, ज्ञान, तकनीकी दक्षता, उद्यमशीलता और आर्थिक सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। प्रवासी अपने गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार, पर्यटन, कृषि और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए योगदान दे सकते हैं। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रवासी उत्तराखंडियों के सामूहिक सहयोग और सहभागिता से विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि अपनी मातृभूमि से जुड़ाव केवल भावनात्मक संबंध नहीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य को संवारने की एक बड़ी जिम्मेदारी भी है।

दिग्गज हस्तियों की रही मौजूदगी
सम्मेलन में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल पद्मभूषण भगत सिंह कोश्यारी, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष एवं सुप्रसिद्ध लेखक-कवि पद्मश्री प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांशु पंत, प्रसिद्ध अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी और चित्रांशी रावत सहित प्रदेश के मंत्री, विधायक तथा देश-विदेश से पहुंचे प्रवासी उत्तराखंडी उपस्थित रहे।

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य प्रवासी उत्तराखंडियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ना, उनके अनुभवों और सुझावों का प्रदेश के विकास में उपयोग करना तथा उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और लोक विरासत को वैश्विक स्तर पर मजबूत करना रहा।
सम्मेलन में दो प्रमुख विषयों पर हुआ मंथन
सम्मेलन की पृष्ठभूमि में तय कार्यक्रम के अनुसार ‘विकसित उत्तराखंड में प्रवासियों की भूमिका’ तथा ‘हौसलों की उड़ान : उत्तराखंड के युवा संघर्ष से सफलता के शिखर तक’ जैसे विषयों पर विशेष संवाद सत्र रखे गए। इनका उद्देश्य प्रवासियों की उपलब्धियों, अनुभवों और विशेषज्ञता को प्रदेश के विकास से जोड़ना है।





