
विधायक पार्वती दास भी धरने पर बैठीं, अधिवक्ताओं और व्यापारियों समेत विभिन्न संगठनों ने प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी
बागनाथ न्यूज़ एक्सप्रेस/बागेश्वर। नगर पालिका परिषद बागेश्वर के बागनाथ वार्ड के पूर्व सभासद, भाजपा के युवा नेता एवं अधिवक्ता धीरेन्द्र परिहार को लापता हुए 17 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इसको लेकर लोगों का आक्रोश अब सड़कों पर उतर आया है। सोमवार को अधिवक्ताओं, व्यापार मंडल तथा विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोगों ने स्टेट बैंक तिराहे पर चक्काजाम कर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मामले में कथित ढिलाई और देरी पर नाराजगी जताई।

धरना-प्रदर्शन में बागेश्वर की विधायक पार्वती दास भी शामिल हुईं और धरने पर बैठकर लापता धीरेन्द्र परिहार की शीघ्र तलाश की मांग का समर्थन किया। धरना स्थल पर धीरेन्द्र की माता नंदी परिहार की मौजूदगी ने माहौल को और भावुक बना दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 17 दिन बीत जाने के बावजूद कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आना चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से खोजबीन में तेजी लाने और मामले की वास्तविक स्थिति जल्द स्पष्ट करने की मांग की।

धरना सभा को संबोधित करते हुए विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों और अधिवक्ताओं ने कहा कि धीरेन्द्र परिहार की सुरक्षित बरामदगी के लिए हरसंभव प्रयास किए जाने चाहिए। वक्ताओं ने प्रशासन से इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और जांच की प्रगति से परिजनों एवं आम लोगों को अवगत कराने की मांग की।

इस दौरान अधिवक्ता हरीश जोशी, राजेश रौतेला, पंकज धपोला, मनोज जोशी, ओमप्रकाश, दिग्विजय सिंह जनौटी, भगवती धपोला और प्रशांत पाण्डेय सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे। वहीं कवि जोशी, मनोज ओली, अक्षित जखवाल, अंकुर उपाध्याय और मनोज बचखेती समेत विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोगों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया।
चक्काजाम से शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित
स्टेट बैंक तिराहे पर चक्काजाम और धरना-प्रदर्शन के चलते शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। माल रोड की ओर पेट्रोल पंप तक और दूसरी तरफ गोमती पुल तक वाहनों का जमावड़ा लगा रहा। स्थिति को देखते हुए धरना स्थल के आसपास पुलिसकर्मी तैनात रहे।

इस बीच मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि धीरेन्द्र परिहार की तलाश और मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। अधिकारियों ने जल्द ही मामले की वास्तविक स्थिति सामने आने की बात कही। हालांकि, प्रदर्शनकारी केवल आश्वासन से संतुष्ट नजर नहीं आए।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में धीरेन्द्र परिहार का पता नहीं लगाया गया तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र किया जाएगा। लोगों ने एक स्वर में उनकी शीघ्र और सुरक्षित बरामदगी की मांग उठाई।

गौरतलब है कि धीरेन्द्र परिहार बागेश्वर की राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। वह भाजपा के युवा नेताओं में शामिल हैं और पूर्व में नगर पालिका परिषद बागेश्वर के बागनाथ वार्ड से सभासद भी रह चुके हैं। उनके अचानक लापता होने और 17 दिन बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने से परिजनों के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों में भी गहरी चिंता और नाराजगी बनी हुई है।








