
सिर पर लोहे की रॉड से वार कर की थी हत्या, शव चारपाई के नीचे छिपाया; रात के अंधेरे में कार से ले जाकर गोमती नदी में फेंका
बागनाथ न्यूज़ एक्सप्रेस बागेश्वर / करीब तीन सप्ताह से लापता चल रहे बागनाथ वार्ड निवासी अधिवक्ता एवं भाजपा के युवा नेता धीरेन्द्र परिहार उर्फ कक्कू परिहार की गुमशुदगी का मामला हत्या में तब्दील हो गया है। बागेश्वर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, धीरेन्द्र की हत्या सिर पर लोहे की रॉड से वार कर की गई थी। इसके बाद शव को एक घर में चारपाई के नीचे छिपाया गया और रात के अंधेरे में कार से ले जाकर गोमती नदी में फेंक दिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 3 नवंबर की शाम थुणाई क्षेत्र में नदी के समीप से शव बरामद कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड और कार भी बरामद की है।
17 अक्टूबर को घर से निकले थे धीरेन्द्र, फिर नहीं लौटी कोई खबर
पुलिस के मुताबिक, धीरेन्द्र परिहार (35) पुत्र गोविन्द सिंह निवासी तल्ली बाजार, बागनाथ वार्ड, बागेश्वर 17 अक्टूबर 2026 की शाम करीब छह बजे घर से बाजार जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर उनकी माता नन्दी परिहार ने 31 अक्टूबर को कोतवाली बागेश्वर में गुमशुदगी की तहरीर दी। इस आधार पर पुलिस ने एफआईआर संख्या 79/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मोबाइल सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज से महिला तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी बागेश्वर के निर्देशन और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। पुलिस ने गुमशुदा की तलाश में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, फोटो पम्पलेट चस्पा किए और मोबाइल सर्विलांस के माध्यम से तकनीकी जांच शुरू की।
जांच के दौरान धीरेन्द्र के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल में एक नंबर से लगातार संपर्क होने की जानकारी मिली। खास बात यह रही कि गुमशुदगी के दिन उनकी अंतिम बातचीत भी इसी नंबर पर हुई थी। पुलिस ने नंबर की जांच की तो वह नुमाइशखेत निवासी लता भंडारी (42) के नाम पर पंजीकृत मिला।
शुरुआती पूछताछ में महिला ने घटना के संबंध में अनभिज्ञता जताई, लेकिन पुलिस ने उसके घर के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। इसी दौरान 2 नवंबर को नुमाइशखेत स्थित चिल्ड्रन पार्क के पास धीरेन्द्र की जुपिटर स्कूटी खड़ी मिली। वहीं, सीसीटीवी फुटेज में 19 अक्टूबर की देर रात महिला की कार संदिग्ध परिस्थितियों में आती-जाती दिखाई दी। इन तथ्यों के आधार पर पुलिस ने महिला से दोबारा गहन पूछताछ की।
महिला ने कबूला हत्या और शव ठिकाने लगाने का राज

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में लता भंडारी ने बताया कि 17 अक्टूबर की रात धीरेन्द्र उसके घर पहुंचे थे। महिला के कथन के मुताबिक, उस समय धीरेन्द्र नशे की हालत में थे और उनके बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान महिला ने घर में रखी लोहे की रॉड से धीरेन्द्र के सिर पर दो बार वार कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े।
महिला ने पुलिस को बताया कि धीरेन्द्र के होश में नहीं आने पर उसने शव को घर में रखी चारपाई के नीचे छिपा दिया। अगले दिन 18 अक्टूबर की सुबह वह अपने भाई त्रिभुवन उर्फ बबलू को कठायतबाड़ा जाकर पूरी घटना बताने पहुंची। इसके बाद दोनों ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, उसी रात त्रिभुवन महिला के घर पहुंचा। दोनों ने शव को मेग्नाइट कार संख्या UK02B-3843 की पिछली सीट पर रखा और बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग पर थुणाई बैंड के पास से नीचे नदी में फेंक दिया।
आरोपियों की निशानदेही पर मिला शव, कार और लोहे की रॉड बरामद
पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर सर्च अभियान चलाया। इसके बाद 3 नवंबर 2026 की शाम नदी के समीप से धीरेन्द्र का शव बरामद किया गया। शव सड़ी-गली अवस्था में मिला। पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य जुटाने के साथ ही आरोपियों की निशानदेही पर कथित तौर पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और शव ले जाने में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली।
मामले में दर्ज प्रारंभिक मुकदमे को साक्ष्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238 और 61(2) में तरमीम किया गया है। इसके बाद विवेचना प्रभारी निरीक्षक अनिल उपाध्याय ने अपने हाथ में ली। पुलिस के मुताबिक, वैज्ञानिक और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
लता भंडारी (42 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय मोहित भंडारी, निवासी नुमाइशखेत, बागेश्वर।
त्रिभुवन सिंह बिष्ट उर्फ बबलू बिष्ट (39 वर्ष) पुत्र मदन सिंह बिष्ट, निवासी कठायतबाड़ा, बागेश्वर।
पुलिस की इस कार्रवाई के साथ ही करीब तीन सप्ताह से चल रही धीरेन्द्र परिहार की तलाश समाप्त हो गई है। हालांकि, इस घटनाक्रम ने पूरे बागेश्वर में गहरा दुख और आक्रोश पैदा कर दिया है। अब मामले में बरामद साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की न्यायिक प्रक्रिया पर सबकी निगाहें रहेंगी।








