
बागनाथ न्यूज़ एक्सप्रेस/ सोनभद्र। छठ पर्व की खुशियों के बीच उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। अनपरा थाना क्षेत्र के कुलडोमरी स्थित बिरनबहरा टोला की एक बंधी में स्नान के दौरान गहरे पानी में डूबने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में पहले 14 वर्षीय किशोर डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसकी बहन और बहनोई ने भी पानी में छलांग लगा दी, लेकिन तीनों ही गहरे पानी में समा गए। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
भाई को बचाने के लिए पानी में कूदे बहन-बहनोई
जानकारी के मुताबिक, हादसा 15 नवंबर की सुबह करीब नौ बजे कुलडोमरी के बिरनबहरा टोला स्थित बंधी में हुआ। रामप्रसाद उर्फ मंगा का 14 वर्षीय पुत्र राजू बंधी में स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
राजू को पानी में छटपटाता देख उसकी बहन उर्मिला और बहनोई अनिल खुद को रोक नहीं सके। भाई की जान बचाने की उम्मीद में दोनों ने भी पानी में छलांग लगा दी। हालांकि, पानी की गहराई और परिस्थितियां इतनी भयावह थीं कि वे राजू को बचाने के बजाय खुद भी डूबने लगे। देखते ही देखते तीनों पानी में लापता हो गए। मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने बचाव के प्रयास शुरू कर दिए।
पत्नी के साथ ससुराल आया था अनिल
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 14 वर्षीय राजू, 18 वर्षीय उर्मिला और 20 वर्षीय अनिल के रूप में हुई है। अनिल मूल रूप से शक्तिनगर थाना क्षेत्र की राजकिशन कॉलोनी के चिल्काटाड़ गांव का निवासी था। वह अपनी पत्नी उर्मिला के साथ कुलडोमरी स्थित अपने ससुराल आया हुआ था। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही अनपरा पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद तीनों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एक साथ तीन मौतों से गांव में पसरा मातम
सीओ पिपरी हर्ष पांडेय ने बताया कि स्नान के दौरान राजू गहरे पानी में डूबने लगा था। उसे बचाने के प्रयास में उसकी बहन उर्मिला और बहनोई अनिल भी पानी में डूब गए, जिससे तीनों की मौत हो गई। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मौत का कारण पानी में डूबना सामने आया है।
इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। जिस घर में छठ पर्व को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल था, वहां अब तीन अपनों को खोने का असहनीय दुख है। भाई को बचाने के लिए बहन और बहनोई का अपनी जान जोखिम में डालना आखिरकार तीनों के लिए जानलेवा साबित हुआ। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की अर्थियां उठने की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।










