
बागनाथ न्यूज़ एक्सप्रेस देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक गतिविधियों के साथ अब बहुजन समाज पार्टी (बसपा) भी चुनावी मैदान में सक्रिय होती नजर आ रही है। बसपा छह दिसंबर को हरिद्वार में विशाल जनसभा आयोजित कर अपने चुनावी अभियान का शंखनाद करेगी। इस जनसभा को पार्टी के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद संबोधित करेंगे।
डॉ. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली इस जनसभा को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी ने इसके माध्यम से कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, संगठन को मजबूत बनाने और चुनावी रणनीति को धार देने की तैयारी शुरू कर दी है। खास तौर पर हरिद्वार और देहरादून की विधानसभा सीटों पर बसपा अपनी गतिविधियां बढ़ाने की योजना बना रही है।

देहरादून की सभी विधानसभा सीटों पर दावेदारों की तलाश
जनसभा की तैयारियों को लेकर रविवार को देहरादून में बसपा प्रदेश प्रभारी अनिल चौधरी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में छह दिसंबर को हरिद्वार में प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई। देहरादून जिले की सभी विधानसभा सीटों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को जनसभा में पहुंचाने का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया।







