बागनाथ न्यूज एक्सप्रेस, रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग के चीरबासा क्षेत्र में रविवार शाम पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने की घटना में पांच वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान यश पुत्र रोहताश यादव, निवासी एटा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को पालकी के जरिए एमआरपी भैरव मंदिर, जंगलचट्टी पहुंचाया। वहीं, मलबा-पत्थर गिरने से मार्ग पर फंसे करीब 1100 यात्रियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
लगातार बारिश के बीच चीरबासा क्षेत्र में भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए यात्रियों को सुरक्षित निकालने में जुटी हैं।





