
बागनाथ न्यूज़ एक्सप्रेस/ गढ़वाल में जीवीके झील में युवती के छलांग लगाने से हड़कंप, सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना; घटनास्थल के पास मिला बैग, SDRF और पुलिस का सर्च अभियान जारी
टिहरी जिले के कीर्तिनगर कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में पैरामेडिकल प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही 20 वर्षीय छात्रा ने परिजनों को फोन करने के बाद जीवीके झील में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान शुरू किया। हालांकि, काफी खोजबीन के बावजूद छात्रा का कोई पता नहीं चल पाया है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा के मुताबिक, गुरुवार शाम सुपाणा के पास जीवीके झील में एक युवती के कूदने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, झील में छलांग लगाने से पहले युवती ने अपने घर फोन कर आत्महत्या करने की बात कही थी। परिजनों ने तत्काल चौरास चौकी पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में युवती झील में छलांग लगाती दिखाई दे रही है। घटनास्थल से कुछ दूरी पर उसका बैग भी बरामद हुआ है। इसके बाद पुलिस ने झील में सर्च अभियान तेज कर दिया। युवती की पहचान पल्लवी कठैत (20) पुत्री महिपाल सिंह कठैत, निवासी श्रीकोट गंगानाली, श्रीनगर गढ़वाल के रूप में हुई है।
लंबे समय से मानसिक परेशानी से जूझ रही थी छात्रा
कोतवाली प्रभारी संजय मिश्रा ने बताया कि परिजनों से पूछताछ में युवती के लंबे समय से मानसिक परेशानी और एंग्जायटी डिसऑर्डर से जूझने की जानकारी मिली है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, झील में छात्रा की तलाश के लिए सर्च अभियान जारी है।
फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती झील में लापता छात्रा का पता लगाना है। पुलिस और बचाव दल लगातार खोजबीन में जुटे हुए हैं।








